रांची : होटवार जेल में पत्नी की हत्या के आरोपी कैदी ने फंदा लगाकर आत्महत्या का किया प्रयास
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची। होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में रविवार दोपहर पत्नी की हत्या के आरोप में बंद एक विचाराधीन कैदी ने आत्महत्या का प्रयास किया। कैदी ने शौच जाने के बहाने जेल परिसर में पेड़ की डाल से गमछे के सहारे फंदा लगा लिया। समय रहते सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ गई और उसे फंदे से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद तत्काल जेल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना रविवार दोपहर करीब 1:52 बजे की बताई जा रही है। जेल प्रशासन के अनुसार, दोपहर 1:49 बजे कैदियों की गिनती के बाद रंथु महतो शौच जाने की बात कहकर शौचालय के पीछे की ओर चला गया। उसके गले में गमछा था। कुछ देर बाद वह पेड़ पर चढ़ गया और गमछे के सहारे फंदा लगाकर झूल गया।
पेड़ की डाल में हुई हलचल और आवाज सुनकर वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को संदेह हुआ। जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और कैदी को फंदे से नीचे उतार लिया। जेल चिकित्सकों ने उसे ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। करीब 2:14 बजे उसे रिम्स के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए न्यूरो सर्जरी विभाग में शिफ्ट कर दिया।

पत्नी की मौत के मामले में जेल में बंद था रंथु
रंथु महतो रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ का रहने वाला है। उसकी शादी 26 अप्रैल 2024 को नगड़ी निवासी संगीता कुमारी से हुई थी। 29 सितंबर 2025 को संगीता का शव उसके ससुराल के आंगन में स्थित कुएं से बरामद हुआ था। वह उस समय करीब छह माह की गर्भवती थी।
मामले में मृतका के पिता कृष्णा महतो ने रंथु महतो समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने रंथु को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया था।
जेल प्रशासन के मुताबिक, जेल आने के बाद से ही रंथु मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। आत्महत्या के प्रयास के पीछे प्रथम दृष्टया इसी परेशानी को वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
Also Read :

















