गढ़वा में जमीन से निकला रहस्यमयी संदूक, 40 परिवारों ने जताया दावा; पुलिस के कब्जे में तिजोरी
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के रमना प्रखंड मुख्यालय के नीचे बाजार में जमीन की खुदाई के दौरान लोहे की पुरानी तिजोरी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तिजोरी मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। तिजोरी के अंदर क्या है, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, नीचे बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर के समीप घर निर्माण के लिए जेसीबी से जमीन की खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान जमीन के अंदर दबा हुआ लोहे का एक संदूकनुमा तिजोरी दिखाई दिया। तिजोरी नजर आते ही जेसीबी का काम रोक दिया गया।
तिजोरी मिलने की खबर पर जुटी भीड़
जमीन के अंदर से लोहे की तिजोरी मिलने की खबर देखते ही देखते पूरे इलाके में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। तिजोरी को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। कुछ लोग इसके अंदर पुराने सामान होने की बात कह रहे थे तो कुछ लोग कीमती सामान होने का अनुमान लगाने लगे। हालांकि, तिजोरी के अंदर वास्तव में क्या है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

तीन पीढ़ियों से जुड़े करीब 40 परिवारों का दावा
मामला तब और चर्चा में आ गया, जब तिजोरी पर मालिकाना हक जताने के लिए कई लोग सामने आने लगे। बताया जा रहा है कि तीन पीढ़ियों से जुड़े करीब 40 परिवारों ने तिजोरी पर अपना दावा जताया है।
दावेदारों की संख्या बढ़ने के बाद मौके पर विवाद की स्थिति बनने लगी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने तिजोरी कब्जे में ली
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोहे की तिजोरी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तिजोरी जमीन में कितने समय से दबी थी और इसका वास्तविक मालिक कौन है।
फिलहाल तिजोरी के अंदर क्या है, यह रहस्य बना हुआ है। पुलिस की जांच और तिजोरी खोले जाने के बाद ही पता चल सकेगा कि इसमें कोई कीमती सामान है या फिर यह सिर्फ पुरानी तिजोरी है।
फिलहाल इस रहस्यमयी तिजोरी ने रमना के नीचे बाजार में कौतूहल जरूर पैदा कर दिया है।
















