झारखंड BJP का बंद के बीच रांची में बढ़ा विरोध, रातू रोड में डिप्टी मेयर नीरज कुमार सड़क पर उतरे

रांची। छात्र आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में BJP की ओर से बुलाए गए झारखंड बंद का असर मंगलवार सुबह से राजधानी रांची में नजर आने लगा। JPSC-JSSC नियुक्ति परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक जारी रहने की बात कही गई है।

बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रांची के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन शुरू कर दिया। किशोरगंज और किशोरी यादव चौक के आसपास कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। कई दुकानों के शटर भी बंद नजर आए। डिप्टी मेयर नीरज कुमार खुद सड़को पर नजर आए . उनके साथ BJP के कई नेता मौजूद थे।

इसलिए , रातू रोड और हरमू चौक इलाके में प्रदर्शन का तरीका अधिक आक्रामक दिखा। हरमू रोड में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

भाजपा नेताओं का कहना है कि बंद के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा गया है। पार्टी ने एंबुलेंस, अस्पतालों समेत जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। देवघर की ओर जाने वाले कांवड़ियों के वाहनों को भी आवाजाही की अनुमति देने की बात कही गई है।
बंद को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। स्कूलों को स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करने के बाद संचालन को लेकर निर्णय लेने की सलाह दी गई है।

JPSC और JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन पिछले दिनों तेज हुआ था। इसी दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया और भाजपा ने सरकार को घेरते हुए राज्यव्यापी बंद का फैसला लिया।




















