झारखंड कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक: SIR प्रक्रिया पर अलर्ट, 15 दिसंबर तक सभी बूथों पर BLA नियुक्ति के निर्देश
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक अहम बैठक आज कांग्रेस भवन, रांची में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू उपस्थित रहे। बैठक में सांसद, विधायक, मंत्री, लोकसभा-विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सहित प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी Special Intensive Revision (SIR) मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया को लेकर था। प्रभारी के. राजू ने इसे अत्यंत संवेदनशील बताते हुए सभी नेताओं को बूथ स्तर तक चौकन्ना रहने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 56 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। ऐसी स्थिति झारखंड में न बने, इसके लिए संगठन को पूरी तरह सक्रिय रहना होगा।
के राजू ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 दिसंबर 2025 तक झारखंड के हर बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। इस कार्य में सभी सांसद, मंत्री, विधायक और पूर्व प्रत्याशी जिला अध्यक्षों को सक्रिय सहयोग देंगे।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों के कारण यह राज्य भाजपा के निशाने पर है। सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा कोई भी हथकंडा अपनाने से नहीं चूकेगी। उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग को अपनी “जेबी संस्था” बनाकर, एक सुनियोजित तरीके से आम मतदाताओं (खासकर गरीब, आदिवासी, अल्पसंख्यक) के नाम मतदाता सूची से कटवाने का अभियान चला रही है, ताकि आगामी चुनाव में अनुचित लाभ लिया जा सके।
उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया की पूरी जानकारी जन-जन तक अभी से पहुंचानी होगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने वोटिंग अधिकार से वंचित न हो। सभी नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में अभी से मतदाता सूची सत्यापन अभियान शुरू करने और लोगों को जागरूक करने का काम करना है।
बैठक में उपस्थित प्रमुख नेताओं में सह-प्रभारी डॉ. बेला प्रसाद, भूपेंद्र मारावी, उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, रामचंद्र सिंह, भूषण बाड़ा, नौशाद आलम, ममता देवी, सोना राम सिंकू, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जलेश्वर महतो, जे.पी. पटेल, अजय नाथ शाहदेव, मुन्ना सिंह, सुधीर चंद्रवंशी, अरुण साहू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने ऐलान किया है कि SIR प्रक्रिया को पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के लिए पार्टी पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी और किसी भी तरह की धांधली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

















