Jharkhand Millet Mission: Maduwa cultivation is being done on 200 acres in Simdega, farmers will get incentives

झारखंड मिलेट मिशन: सिमडेगा में 200 एकड़ में हो रही मडुवा खेती, किसानों को मिलेगा प्रोत्साहन

Share
Link copied
Jharkhand Millet Mission: Maduwa cultivation is being done on 200 acres in Simdega, farmers will get incentives
Jharkhand Millet Mission: Maduwa cultivation is being done on 200 acres in Simdega, farmers will get incentives

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा : जिले में मोटे अनाज को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित झारखंड मिलेट मिशन योजना के तहत मंगलवार को बंगरू पंचायत के खुटीटोली गांव में मडुवा खेती का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गांव के करीब 70 किसानों द्वारा 200 एकड़ से अधिक भूमि पर की जा रही मडुवा खेती की जानकारी अधिकारियों को दी गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर किसानों से खेती की स्थिति, उत्पादन और आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। इस मौके पर कई पुरस्कारों से सम्मानित प्रगतिशील किसान प्रभुदान ने किसानों की समस्याओं को रखते हुए सिंचाई व्यवस्था, पटावन और खुले में छोड़े जाने वाले पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर सिंचाई सुविधा और फसल सुरक्षा की व्यवस्था होने पर किसान और अधिक उत्पादन कर सकते हैं।

प्रभुदान को जिले के उन्नत एवं आदर्श किसानों में गिना जाता है और वे क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत माने जाते हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारी स्वयं खेत में पहुंचे और किसानों के साथ मडुवा की कटाई में भी भाग लिया।

इस दौरान आसपास के तालाबों का निरीक्षण कर सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को झारखंड मिलेट मिशन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मडुवा की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 3 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। अधिकतम 5 एकड़ तक खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है।

अधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और मोटे अनाज के पोषण महत्व के प्रति भी जागरूक किया। मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी विलसन, उप परियोजना निदेशक प्रवीण प्रसाद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लक्ष्मी नारायण कुमार, बीटीएम निलेश खलखो सहित कृषि विभाग के कई अधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।