JPSC-JSSC विवाद: 16वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी, सरकार से तीसरे दौर की वार्ता; देवेंद्र बोले- लिखित आश्वासन तक अनशन नहीं होगा खत्म

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ी और पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन भी जारी है। आंदोलनकारी छात्रों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच रविवार को तीसरे दौर की बातचीत चल रही है। इस बीच अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से मंत्रियों ने वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की।

बैठक के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका सिंह पांडेय, चमरा लिंडा और संजय सिंह यादव ने देवेंद्र नाथ महतो से बात की। मंत्रियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि छात्रों की मांगों पर सरकार गंभीरता से काम करेगी और मांगों को पूरा किया जाएगा। साथ ही मंत्रियों ने उनसे भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।


हालांकि देवेंद्र नाथ महतो ने मंत्रियों की पहल के लिए आभार जताते हुए अपना रुख स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों को लिखित रूप में स्वीकार कर पूरा करने का आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर वे भूख हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे।


सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत के तीसरे दौर पर अब सभी की नजरें टिकी हैं। छात्रों की ओर से लगातार यह मांग की जा रही है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो।


वहीं, देवेंद्र नाथ महतो के अनशन जारी रखने के फैसले से साफ है कि आंदोलनकारी छात्र फिलहाल केवल आश्वासन से पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। अब देखना होगा कि सरकार और छात्रों के बीच चल रही वार्ता से कोई ठोस सहमति बनती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।

















