महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में भाजपा-एनडीए की ऐतिहासिक जीत: झारखंड भाजपा में जश्न का माहौल
रांची : महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों (म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन्स) में हुए चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन (भाजपा-शिवसेना शिंदे गुट-एनसीपी) ने प्रचंड और ऐतिहासिक जीत हासिल की है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) सहित कई प्रमुख नगर निगमों में गठबंधन ने बहुमत पार कर लिया है, जहां तीन दशकों से अधिक समय से शिवसेना का दबदबा रहा था। इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और विकास की नीतियों के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज इस ऐतिहासिक सफलता पर जोरदार जश्न मनाया गया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता इस जीत को राष्ट्रवादी और विकासोन्मुख सोच की विजय बता रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने मीडिया से बातचीत में कहा, “महाराष्ट्र की जनता ने राष्ट्रविरोधी और तुष्टीकरण की मानसिकता को स्पष्ट रूप से पराजित किया है। यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति बढ़ते विश्वास की जीत है। विकसित भारत का रथ लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है, और गांव-शहर दोनों को साथ लेकर विकास की राह पर चलना जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा, “झारखंड की जनता भी विकास के लिए तरस रही है। हेमंत सरकार से लोग ऊब चुके हैं। आगामी बंगाल और असम विधानसभा चुनावों के साथ ही झारखंड के निकाय चुनावों में भी भाजपा कार्यकर्ता सभी 48 सीटों पर परचम लहराएंगे।”
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “यह सबका साथ, सबका विकास की जीत है। जनता अब विकास चाहती है, और यह सपना केवल भाजपा और एनडीए ही पूरा कर सकती है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प अब हकीकत बन रहा है।”
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने जोर देकर कहा, “पूरे देश में भगवा लहर चल रही है। जनता कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को अब मौका नहीं देना चाहती। भाजपा पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।”
कार्यक्रम में पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, प्रदेश मंत्री गणेश मिश्र, सरोज सिंह, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, वरुण साहू, अशोक बड़ाइक, सीमा सिंह, सत्यनारायण सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















