दिल्ली ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा: अयोध्या समेत चार शहरों में सीरियल ब्लास्ट की थी साजिश; आठ संदिग्धों पर शक
नई दिल्ली: दिल्ली ब्लास्ट मामले में जांच के दौरान लगातार बड़े खुलासे सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) समेत देशभर की सुरक्षा एजेंसियां इस हमले के मास्टरमाइंड और उसके नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं। इस बीच सूत्रों के हवाले से एक बड़ा अपडेट सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब आठ संदिग्धों ने चार शहरों में सिलसिलेवार धमाके करने की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि जिन स्थानों को निशाना बनाया जाना था, उनमें अयोध्या का राम मंदिर परिसर भी शामिल था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, साजिश के तहत चार अलग-अलग शहरों में एक साथ धमाके करने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए चार ग्रुप बनाए गए थे, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में दो-दो सदस्य शामिल थे। हर टीम को आईईडी उपलब्ध कराए गए थे ताकि सभी टीमें एक ही समय पर चारों शहरों में विस्फोट कर सकें।
सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि यह पूरा नेटवर्क एक अंतरराज्यीय मॉड्यूल के रूप में काम कर रहा था। अब एजेंसियां इन संदिग्धों के लोकेशन, संपर्क सूत्रों और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी खंगाल रही हैं।
सूत्रों का कहना है कि जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द ही कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। NIA इस मामले में अंतरराज्यीय स्तर पर अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


















