शून्य ओबीसी आरक्षण के खिलाफ गुमला बंद का व्यापक असर, सड़कें जाम, थमे वाहनों के पहिए

निर्मल सिंह
गुमला: झारखंड के पांच जिलों में पिछड़ा वर्ग को शून्य आरक्षण देने और जनगणना प्रपत्र में ओबीसी कॉलम शामिल नहीं किए जाने के विरोध में केंद्रीय पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति के आह्वान पर मंगलवार को गुमला बंद का व्यापक असर देखने को मिला। जिले में अधिकांश दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि यात्री बसों का परिचालन भी ठप रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बंद समर्थकों ने सुबह से ही गुमला टावर चौक, बाईपास में उर्मी के पास समेत कई स्थानों पर सड़क जाम कर दिया। रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नागफेनी, सिसई और भरनो सहित अन्य जगहों पर वाहनों को सड़क पर खड़ा कर आवागमन बाधित किया गया। बघिमा में बंद समर्थकों ने सड़क पर ही क्रिकेट खेलकर विरोध जताया।

सड़क जाम के कारण भारी मालवाहक वाहन जहां-तहां खड़े रहे। बस स्टैंड से यात्री बसें नहीं चलीं। बेरिकेडिंग के कारण दोपहिया, तीनपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों को भी आवागमन में परेशानी हुई। कई लोगों ने गलियों और पगडंडियों का सहारा लिया।

टावर चौक पर केंद्रीय पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति के महासचिव दिलीप नाथ साहू और कोषाध्यक्ष शिवदयाल गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठे। दिलीप नाथ साहू ने कहा कि झारखंड में ओबीसी का आरक्षण शून्य कर दिया गया है और जनगणना प्रपत्र से ओबीसी कॉलम हटाया गया है। उन्होंने कहा कि अपने हक और अधिकार के लिए आंदोलन जारी रहेगा।

बंद को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन समर्थक अपनी मांगों पर अड़े रहे और नारेबाजी करते रहे। जिला मुख्यालय के अलावा सिसई, भरनो, कामडारा, बसिया, बघिमा और घाघरा सहित कई क्षेत्रों में भी सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया।

बंद का असर जिले के साप्ताहिक हाट पर भी पड़ा। सामान्य दिनों की तुलना में हाट में ग्रामीणों की मौजूदगी काफी कम रही। निजी विद्यालय भी बंद रहे। सड़क जाम और आवागमन बाधित होने के कारण एसआईआर से संबंधित कार्य भी प्रभावित होने की बात सामने आई। सोमवार शाम को ही बंद समर्थकों ने मशाल जुलूस निकालकर मंगलवार के बंद को सफल बनाने का आह्वान किया था।

आरक्षण की मांग को लेकर झारखंड के पांच जिलों में बंद, गुमला में चक्का जाम से थमा आवागमन
रांची : OBC आरक्षण और जातीय जनगणना में अलग कॉलम की मांग को लेकर मंगलवार को झारखंड के पांच जिलों में बंद…

शटर तोड़ा, SBI का ATM उखाड़ा और जाइलो पर लादकर ले गए चोर, सुबह खुला राज तो मचा हड़कंप
देवघर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने का ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर लोग भी हैरान रह गए। नगर…
















