सिमडेगा में ओबीसी आरक्षण नहीं मिलने पर भारी विरोध: मशाल जुलूस निकालकर सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : नगर निकाय चुनाव में ओबीसी वर्ग को आरक्षण नहीं दिए जाने के खिलाफ सिमडेगा में शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन हुआ। पिछड़ा जाति नगर निकाय संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने मशाल जुलूस निकाला और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
जुलूस शाम को प्रिंस चौक से शुरू हुआ, जहां युवा, बुजुर्ग और बड़ी संख्या में महिलाएं मशालें थामे जुटे। मुख्य सड़क मार्ग से होते हुए जुलूस नीचे बाजार पहुंचा। इस दौरान ‘मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुर्दाबाद’, ‘झारखंड सरकार होश में आओ’, ‘ओबीसी को आरक्षण देना होगा’ जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा। जुलूस महावीर चौक पर सभा में तब्दील हो गया, जहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज किया गया।
मोर्चा अध्यक्ष रामजी यादव ने कहा कि सिमडेगा नगर निकाय के 20 वार्डों में ओबीसी की आबादी 41 प्रतिशत से अधिक है, फिर भी आरक्षण नहीं देकर सरकार इस महत्वपूर्ण वर्ग के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के ओबीसी आरक्षण के साथ चुनाव कराने के निर्देश के बावजूद सिमडेगा में इसका पालन नहीं किया गया, जबकि गुमला, लोहरदगा जैसे अन्य जिलों में आरक्षण लागू किया गया है। यादव ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में विष्णु महतो, संतु गुप्ता, रवि गुप्ता, दिलीप प्रसाद, विष्णु दयाल शर्मा, अनूप केसरी, रमेश महतो, सुबोध महतो, बजरंग प्रसाद, धनंजय केसरी, गौतम कुमार सहित सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

















