Night guard shot during attempted robbery on NH-19

NH-19 पर लूट की कोशिश में नाइट गार्ड को गोली, तीन नकाबपोश बदमाश फरार

अश्वनी पांडेय

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जामताड़ा/आसनसोल। आसनसोल के व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर शनिवार देर रात लूट की कोशिश के दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक नाइट गार्ड को गोली मार दी। वारदात दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के पास हुई। गोली 43 वर्षीय हरीदास लायक के पैर में लगी। घायल होने के बावजूद हरीदास ने हमलावरों का मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया। कैमरा देखते ही तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सालानपुर ब्लॉक की अल्लाडी पंचायत के धागुड़ी गांव निवासी हरीदास लायक बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने हरीदास का बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान दो राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। एक गोली हरीदास के पैर में लगी।

गोली लगने के बाद भी बनाया वीडियो

हमले के बाद हरीदास ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने मोबाइल से बदमाशों का वीडियो बनाने का प्रयास किया। जैसे ही अपराधियों की नजर मोबाइल कैमरे पर पड़ी, तीनों वहां से फरार हो गए। पुलिस अब इस वीडियो को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मान रही है।

RKDF
advertisement

घटनास्थल से मिला कारतूस का खोखा

घटना की सूचना मिलने के बाद सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरीदास को इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा भी बरामद किया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, डीसी वेस्ट साना अख्तर और डीसी सेंट्रल ध्रुव दास समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और तलाश तेज कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now