ज़िला में बढ़ाई जाएगी ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड और आईसीयू की संख्या.

ज़िला में बढ़ाई जाएगी ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड और आईसीयू की संख्या.

Share
Link copied

राँची : कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के रोकथाम के लिए जिला प्रशासन रांची द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार कोरोना के दूसरे लहर को नियंत्रित करने के लिए जांच, कांटेक्ट ट्रेसिंग और संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए बेहतर व्यवस्था हेतु लगातार प्रयास जारी है।

उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने बताया कि जिला में संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड और आईसीयू की संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज रात से सदर अस्पताल में 240 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी। उपायुक्त श्री रंजन ने बताया कि प्राइवेट हॉस्पिटल से भी बात की गई है, निजी अस्पतालों ने भी यथासंभव बेड बढ़ाने पर अपनी सहमति दी है।

डोरंडा स्थित रेसलदार सीएचसी में भी ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने बताया कि आने वाले 7 से 10 दिनों में यहां 90 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही खेलगांव में 200 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की व्यवस्था करने की तैयारी जिला प्रशासन ने कर ली है।

उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने जिले वासियों से एक बार फिर से अपील करते हुए कहा है कि कोविड से संबंधित दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें। मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, आवश्यकता हो तभी घर से निकलें, बच्चे और बूढ़ों का खास तौर पर ख्याल रखें।

उपायुक्त श्री रंजन ने कहा कि अभी भी कई लोग बिना मास्क के बेखौफ होकर बाहर निकल रहे हैं। सभी को यह समझना आवश्यक है कि दवाई के साथ कड़ाई भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। रांची वासियों का सहयोग रहा तो जल्द ही संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन की टीम लगातार लोगों को कोरोना के दिशा निर्देशों के पालन के लिए जागरूक करने के साथ-साथ सख्ती भी बरत रही है। आवश्यक है साथ मिलकर संक्रमण पर काबू पाने में सहयोग करें।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow