जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

जगन्नाथपुर रथ मेला के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मेला की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ मेला आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में रथ, पंडाल, मंच और पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम का सक्षम प्राधिकार से सुरक्षा एवं गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्राप्त करने, मेला परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति, वैकल्पिक जेनरेटर की व्यवस्था तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेला परिसर के संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त बैरिकेडिंग करने तथा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग विकसित करने का निर्देश दिया गया। संभावित बारिश और वज्रपात को देखते हुए आपदा प्रबंधन की विशेष तैयारी और त्वरित कार्ययोजना तैयार रखने को भी कहा गया।

उपायुक्त ने चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र, अग्निशमन वाहन, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, खोया-पाया केंद्र, नियंत्रण कक्ष, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मेला संचालन के दौरान श्रद्धालुओं, दुकानदारों और आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 जुलाई 2026 की संध्या को उपायुक्त स्वयं मेला परिसर का निरीक्षण करेंगे और सभी तैयारियों का स्थल पर सत्यापन करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा समन्वित प्रयासों से जगन्नाथपुर रथ मेला का गरिमामय एवं सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

















