गंगा नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी, वन विभाग ने जारी किए सुरक्षा निर्देश
साहिबगंज के गदाई दियारा क्षेत्र में गंगा नदी में एक मगरमच्छ देखे जाने की खबर ने स्थानीय लोगों में हलचल मचा दी है। वन प्रमंडल साहिबगंज ने इस घटना के बाद आमजन से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वन विभाग ने बताया कि मगरमच्छ सामान्य रूप से इंसानों पर हमला नहीं करते और उनका मुख्य भोजन मछलियाँ हैं। फिर भी, सुरक्षा के दृष्टिकोण से सावधानी बरतना जरूरी है। विभाग ने लोगों को निम्नलिखित सलाह दी है कि वे मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, बच्चों और पालतू जानवरों को नदी किनारे से दूर रखें, गंगा नदी में तैरने या उतरने से बचें और मगरमच्छ को भोजन देने या उनके साथ किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से परहेज करें।
वन विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं मगरमच्छ दिखाई दे, तो तत्काल इसकी सूचना दी जाए। इसके लिए संपर्क नंबर +91 70613 91175 उपलब्ध है।
वन विभाग ने यह भी कहा कि मगरमच्छ की उपस्थिति गंगा नदी के पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है, जो जैव विविधता को दर्शाता है। हालांकि, मानव सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के लिए जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

















