राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- खरीद-फरोख्त की राजनीति में विश्वास नहीं

रांची: झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या जोड़-तोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं रखती और पार्टी के विधायक अपने विवेक के अनुसार मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मात्र 16 विधायकों वाली पार्टी द्वारा राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारना हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा देने का प्रयास है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसके राज्यसभा उम्मीदवार ने झारखंड में कितना समय बिताया है और राज्य के प्रति उनकी क्या प्रतिबद्धता रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को राज्यसभा चुनाव के लिए एक भी स्थानीय कार्यकर्ता उपयुक्त उम्मीदवार के रूप में नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपने आचरण और कार्यशैली पर आत्ममंथन करने की जरूरत है। साहू ने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस या उसके सहयोग से सरकारें चल रही हैं, वहां शासन व्यवस्था प्रभावित हुई है और झारखंड में भी कांग्रेस राज्य को गलत दिशा में ले जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सिद्धांतों पर आधारित है और पार्टी कभी भी खरीद-फरोख्त की राजनीति का समर्थन नहीं करती। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण देते हुए कहा कि एक वोट से सरकार गिरने की स्थिति में भी उन्होंने जोड़-तोड़ की राजनीति का रास्ता नहीं अपनाया था।
आदित्य साहू ने दावा किया कि कांग्रेस को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस अपने विधायकों को दूसरे राज्यों में ले जाने की तैयारी कर रही है, जो यह दर्शाता है कि पार्टी को अपने सदस्यों की निष्ठा पर भी संदेह है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। चुनाव नजदीक आने के साथ राजनीतिक गतिविधियां और बयानबाजी भी लगातार बढ़ रही है।

















