रांची में अल्बर्ट एक्का चौक पर मशाल जुलूस: पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में 17 जनवरी को झारखंड बंद का ऐलान
रांची : खूंटी जिले के प्रसिद्ध आदिवासी नेता एवं पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आदिवासी संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। रांची के ऐतिहासिक अल्बर्ट एक्का चौक पर शाम को मशाल जुलूस निकालकर संगठनों ने कल यानी 17 जनवरी को संपूर्ण झारखंड बंद का ऐलान किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह बंद हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ताओं और शूटरों की अभी तक पूरी गिरफ्तारी न होने के विरोध में बुलाया गया है। पुलिस ने मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच में जमीन विवाद को हत्या का मुख्य कारण बताया है, लेकिन आदिवासी समुदाय मुख्य दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पूरे न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है।
7 जनवरी 2026 को खूंटी थाना क्षेत्र के जमुआदाग के पास सोम मुंडा को उनकी पत्नी के साथ बाइक पर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सोम मुंडा अबुआ झारखंड पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और आदिवासी समाज के वरिष्ठ नेता थे, जो जल-जंगल-जमीन के मुद्दों पर लंबे समय से संघर्षरत थे। हत्या के बाद खूंटी में भी बंद रहा था और अब पूरे राज्य स्तर पर आक्रोश फैल गया है।
आदिवासी समन्वय समिति (खूंटी) सहित लगभग 30 आदिवासी संगठनों ने संयुक्त रूप से यह बंद बुलाया है। अल्बर्ट एक्का चौक पर निकले मशाल जुलूस में सैकड़ों लोग शामिल हुए, जहां नारेबाजी के साथ न्याय की मांग की गई। संगठनों ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान स्कूल, अस्पताल, दवा दुकानें और अन्य आवश्यक सेवाएं मुक्त रहेंगी, लेकिन बाजार, परिवहन और अन्य गतिविधियां प्रभावित होंगी।

















