रांची : दिल्ली पुलिस और झारखंड ATS ने ISIS के तीन संदिग्ध आतंकी को किया गिरफ्तार
रांची : दिल्ली पुलिस और झारखंड ATS ने ISIS के तीन संदिग्ध आतंकी को किया गिरफ्तार
रांची, 10 सितंबर : झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड ATS की संयुक्त टीम ने इस्लाम नगर स्थित तबारक लॉज से एक संदिग्ध आतंकी, अशहर दानिश, को गिरफ्तार किया है। अशहर के पास से केमिकल, हथियार और कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, अशहर दानिश झारखंड के बोकारो जिले के पेटवार का निवासी है और लंबे समय से तबारक लॉज के कमरा नंबर 4 में रह रहा था। दिल्ली में दर्ज एक आतंकी मामले के सिलसिले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसकी तलाश कर रही थी। खुफिया जानकारी के आधार पर झारखंड ATS और रांची पुलिस ने देर रात लॉज में छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद अशहर को पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा।
दो अन्य संदिग्ध हिरासत में
अशहर दानिश से पूछताछ के आधार पर जांच एजेंसियों ने झारखंड से दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया है जिसमे एक पलामू और एक कोडरमा का रहने वाला है । ये दोनों अशहर के संपर्क में थे और इनसे भी गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी ISIS से प्रेरित आतंकी मॉड्यूल को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकती है।
जांच में तेजी
दिल्ली पुलिस, झारखंड ATS और रांची पुलिस की संयुक्त टीम इस मामले की गहन जांच में जुटी है। बरामद सामानों की जांच के साथ-साथ संदिग्धों के नेटवर्क और उनके मंसूबों का पता लगाने के लिए कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है।











