रांची में नशे के खिलाफ सख्त अभियान, अफीम की खेती रोकने के लिए पंचायत स्तर पर चलेगा विशेष अभियान

रांची : मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में District NCORD Committee (Narcotics Control Coordination) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, उत्पादन और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए समन्वित रणनीति तैयार करने और उसे सख्ती से लागू करने पर चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौतम गोस्वामी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ड्रग हॉटस्पॉट्स की पहचान कर बढ़ेगी निगरानी
बैठक में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ड्रग हॉटस्पॉट्स की तत्काल पहचान कर विशेष निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया। साथ ही NDPS Act के तहत लंबित मामलों की तेज जांच और अभियोजन के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने को कहा गया। उपायुक्त ने स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने तथा नशे की लत से ग्रस्त युवाओं की पहचान कर उन्हें डी-एडिक्शन सेंटर से जोड़ने पर जोर दिया।
मेडिकल दुकानों और फार्मेसी पर चलेगा अभियान
बैठक में मेडिकल दुकानों, फार्मेसी और रसायनिक दुकानों की सघन जांच कर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों और परिवहन मार्गों पर चेक पोस्ट मजबूत करने तथा अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रोकने के लिए पड़ोसी जिलों के साथ समन्वय बढ़ाने की बात कही गई।
गैर कानूनी नशा मुक्ति केंद्रों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने जिले में गैर कानूनी रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती रोकने के लिए पंचायत स्तर पर मुखिया, प्रधान और समाजसेवियों के सहयोग से व्यापक अभियान चलाया जाएगा। JSLPS के सहयोग से पंचायत स्तर पर नशा मुक्ति अभियान भी संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अफीम की खेती से जुड़े लोगों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और दोबारा खेती से जुड़ने से रोकने का निर्देश दिया। साथ ही ड्रग्स बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
“नशा मुक्त रांची बनाना लक्ष्य”
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा, “रांची जिला युवा बहुल है। हमारी आने वाली पीढ़ी को नशीले पदार्थों के खतरे से बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन, पुलिस और सभी विभाग समन्वय के साथ काम करेंगे और नशा मुक्त रांची बनाने के लक्ष्य को हासिल करेंगे।” बैठक में NCORD पोर्टल पर नियमित अपडेट, मासिक समीक्षा और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
टोल फ्री नंबर 1933 पर दें सूचना
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें ड्रग तस्करी, अवैध ड्रग्स की बिक्री, गांजा या अफीम की खेती अथवा किसी भी नशीले पदार्थ से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो वे बिना पहचान बताए मादक पदार्थ निषेध सूचना केंद्र के टोल फ्री नंबर 1933 पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

















