बच्चों को एसडीपीओ ने समझाया अच्छे-बुरे स्पर्श का फर्क, कहा- अनुचित व्यवहार पर चुप न रहें

सिमडेगा: बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाने और उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिमडेगा पुलिस ने ‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मंगलवार, 13 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणवीर सिंह ने स्कूली छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति का व्यवहार उन्हें असहज महसूस कराता है या कोई अनुचित हरकत करता है, तो उसे चुपचाप सहन करने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में बिना डर और संकोच के अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की जानकारी देते हुए बताया गया कि बच्चों के साथ लैंगिक दुर्व्यवहार गंभीर और दंडनीय अपराध है। उन्हें समझाया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार के लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं। ऐसी घटना के बारे में किसी भरोसेमंद बड़े को बताने में शर्म या डर महसूस नहीं करना चाहिए। पुलिस ने कहा कि बच्चों की बात को गंभीरता से सुनना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और समय पर सहायता उपलब्ध कराना परिवार के साथ-साथ पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान के तहत सिमडेगा पुलिस बच्चों की सुरक्षा के अलावा मानव तस्करी, सड़क सुरक्षा, सर्पदंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला उत्पीड़न और डायन प्रथा जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति भी लोगों को जागरूक कर रही है। इसका उद्देश्य आम लोगों को संभावित खतरों के प्रति सतर्क करना और पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाना है।

सिमडेगा पुलिस ने बच्चों से अपील की कि वे किसी भी अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति को छिपाएं नहीं और तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस ने बाल संरक्षण और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

झारखंड में आज सुबह कुहासा, दिन में खिलेगी धूप; पलामू समेत चार जिलों में बारिश के आसार
रांची: झारखंड में बुधवार, 14 अक्टूबर को मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं। राजधानी रांची में सुबह कुहासा…

श्राद्धकर्म के बीच जनसमस्याएं सुन रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अधिकारियों को समाधान का निर्देश
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच भी जनसेवा से जुड़े कार्यों में जुटे हैं। अपने…
















