senior-functionary-ramrekha-dham-development-committee

रामरेखा धाम विकास समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी करंजीत सिंह का निधन, क्षेत्र में शोक

Share
Link copied
senior-functionary-ramrekha-dham-development-committee
senior-functionary-ramrekha-dham-development-committee

सिमडेगा: श्री रामरेखा धाम विकास समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यालय प्रमुख करंजीत सिंह का बुधवार सुबह करीब 11 बजे सिकरियाटांड़ स्थित उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर से श्री रामरेखा धाम विकास समिति सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

करंजीत सिंह सिमडेगा कॉलेज में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2008 में सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे सामाजिक और धार्मिक कार्यों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। श्री रामरेखा धाम के कार्यालयीय कार्यों और आय-व्यय के हिसाब-किताब के निष्पादन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सिकरियाटांड़ में भव्य मंदिर निर्माण और रामरेखा धाम के विकास कार्यों में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

वे कर्मठ, समर्पित और सामाजिक-धार्मिक कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व थे। उनके निधन से समिति ने अपना एक अनुभवी और समर्पित सहयोगी खो दिया है। उनके योगदान की भरपाई करना आसान नहीं होगा।

उनके निधन पर श्री रामरेखा धाम के महंत सह समिति अध्यक्ष अखण्ड दास जी महाराज, प्रधान संरक्षक दुर्गविजय सिंह देव, कौशल राज सिंह देव, सचिव ओमप्रकाश साहू तथा साइं सेवा समिति के गणपति बड़ाइक सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। समिति की ओर से दिवंगत करंजीत सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।