20260107 214144

सनसनीखेज मर्डर का खुलासा, साले ने पत्नी की सहमति से रची जीजा की हत्या की साजिश, चार गिरफ्तार

रांची : रांची पुलिस ने लगभग 11 महीने पुराने एक अज्ञात शव वाले मर्डर केस का सफल उद्भेदन किया है। पिछले साल 10 फरवरी 2025 को अशोक नगर गेट नंबर-1 के पीछे रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में मिले अज्ञात शव की पहचान गुमला जिले के संजय उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मृतक का साला और साली भी शामिल हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 29/2025 दर्ज इस मामले में धारा 103/3(5) भादवि के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था। लंबे अनुसंधान के बाद 07 जनवरी 2026 को मृतक की शिनाख्त के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया गया।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक संजय उरांव का अपनी साली (साले की पत्नी) को लेकर ससुराल पक्ष से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में साले बिनोद उरांव ने अपनी पत्नी राजमुनी देवी की सहमति से हत्या की साजिश रची। भाड़े के दो सहयोगियों की मदद से चाकू मारकर संजय उरांव की हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया था, ताकि इसे रेल हादसा समझा जाए।

गिरफ्तार आरोपियों में बिनोद उरांव, राजमुनी देवी, अमरदीप खालखो और अनुप उरांव शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक विवो कंपनी और एक मोटोरोला कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Share via
Send this to a friend