बोलबा में अफीम की अवैध खेती पर पुलिस का बड़ा प्रहार: कई एकड़ फसल नष्ट, नशा तस्करों पर सख्ती जारी
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में अवैध अफीम (पोस्ता) की खेती के खिलाफ पुलिस की मुहिम तेज हो गई है। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के बाद अब बोलबा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बोलबा थाना क्षेत्र के एक इलाके में छापेमारी की गई, जहां कई एकड़ में फैली अवैध अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
मौके पर डीएसपी रणवीर सिंह और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फसल को तबाह किया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की सघन जांच शुरू कर दी है और जांच जारी है। इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और अफीम जैसी प्रतिबंधित फसलों की खेती पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी सख्ती बरती जाएगी।
एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बोलबा के इस ऑपरेशन के बाद पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।


















