सिमडेगा में दोहरे हत्याकांड का खुलासा: चोरी के पैसों के बंटवारे पर झगड़े से दो युवकों की क्रूर हत्या, मुख्य आरोपी दीपक मिंज नोएडा से गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुए दोहरे हत्याकांड का मामला अब पूरी तरह से सुलझ गया है। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त दीपक मिंज को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार कर सिमडेगा लाया है। इससे पहले दो अन्य अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका था। एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पूरी जानकारी दी।
घटना का विवरण
25 जनवरी को ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के मतरामेटा निवासी कलीम खान और मो. नईम मियां उर्फ मानु के शव छुरिया पहाड़ी से बरामद किए गए थे। जांच में पता चला कि ये दोनों युवक और गिरफ्तार तीनों अभियुक्त (दीपक मिंज सहित) मिलकर चोरी की वारदातें अंजाम देते थे। ये गिरोह झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी कई चोरियां कर चुका था।
हाल ही में इन लोगों ने सिमडेगा सदर थाना क्षेत्र के ठाकुर टोली में एक घर से चोरी की थी। चोरी से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर अभियुक्तों में आपसी विवाद हो गया। इसी झगड़े के दौरान दीपक मिंज और उसके साथियों ने कलीम खान और नईम मियां को रॉड से जमकर पीटा और उनकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए दोनों शवों को छुरिया पहाड़ी पर फेंक दिया गया।
पुलिस की जांच
एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि तकनीकी सेल की मदद से फरार मुख्य अभियुक्त दीपक मिंज की लोकेशन ट्रेस की गई और उसे नोएडा से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के बयानों से पूरी साजिश का खुलासा हुआ। अब घटना में शामिल सभी अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले का परत-दर-परत उद्घाटन किया है और जांच पूरी कर ली है।

















