कोडरमा पुलिस की बड़ी सफलता, शोरूम चोरी कांड का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी की सम्पत्ति बरामद

कोडरमा पुलिस की बड़ी सफलता, शोरूम चोरी कांड का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी की सम्पत्ति बरामद

Share
Link copied

कोडरमा: जिले में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कोडरमा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने यामाहा मोटरसाइकिल शो रूम तिलैया में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति सहित कई सामान बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने लगातार छापेमारी कर कई मामलों का उद्भेदन किया। इसी क्रम में तिलैया थाना क्षेत्र के कांड संख्या 265/25 (दिनांक 01.09.2025) के तहत चोरी की घटना में शामिल प्रदीप कुमार (23 वर्ष), पिता स्व. महादेव साव, निवासी करमा पूर्वी गली, तिलैया को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने यामाहा शोरूम से मोबाइल और नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर दो एंड्रॉइड मोबाइल (सैमसंग और इनफिनिक्स), एक लोहे का कटर, पेचकस, टॉर्च और चोरी के दौरान पहने गए कपड़े (दो शर्ट, एक जींस पैंट और एक रूमाल) बरामद किए गए।

अभियुक्त ने पुलिस को यह भी बताया कि चोरी के बाद वह अपने कपड़े इंदरवा बस्ती स्थित गणेश सोनार के अधनिर्मित मकान में छुपा देता था। वहां से पुलिस ने कपड़े बरामद किए हैं।

गहन पूछताछ में प्रदीप कुमार ने मई माह में टीवीएस शोरूम तिलैया में हुई चोरी समेत कई अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की है। उसने तिलैया थाना कांड सं. 155/25 (07.05.2025) – टीवीएस शोरूम से नकदी चोरी, कोडरमा थाना कांड सं. 166/25 (19.09.2025) – दुकान से बैग और अन्य सामान चोरी, इसरी बाजार स्थित मारवाड़ी राशन दुकान से नकदी चोरी, बरबड्डा बाजार में राशन दुकान से तेल और काजू चोरी, तोपचांची में राशन दुकान से चोरी और अन्य कई स्थानों पर चोरी शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं की भी जांच जारी है। कोडरमा पुलिस की यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow