सिमडेगा के टी.टांगर में दो युवकों की क्रूर हत्या, पूर्व दुश्मनी में छुरीया टोंगरी जंगल में फेंके गए शव; दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा जिले के टी.टांगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 12 जनवरी 2026 को घर से निकलकर लापता हुए दो युवकों।कलीम खान (उम्र करीब 25 वर्ष) और मोहम्मद नईम मियां उर्फ मानू (उम्र करीब 30 वर्ष) की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 26 जनवरी को दोनों के शव छुरीया टोंगरी जंगल से बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक, सिमडेगा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने गहन जांच, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूत्रों के आधार पर जांच की। पूछताछ में आरोपी रौशन मिंज (28 वर्ष) और सूरज बेहरा (20 वर्ष) ने जुर्म कबूल लिया। उन्होंने बताया कि पूर्व की दुश्मनी के कारण दोनों युवकों की हत्या की गई। हत्या में हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद शवों को टेम्पू में लादकर जंगल में फेंक दिया गया।
हत्या के जो कारण बताए गए हैं उसके अनुसार कुछ दिन पहले मृतकों ने आरोपी रौशन मिंज की Yamaha FZ बाइक लूटने की कोशिश की थी और करीब तीन महीने पहले रौशन के छोटे भाई दीपक मिंज पर हथियार चोरी का झूठा आरोप लगाकर मारपीट की गई थी। बताया जा रहा है कि रौशन के छोटे भाई रितेश मिंज को भी लगातार धमकाया और डराया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से खून से सना लोहे का रॉड, हॉकी स्टिक और कपड़ा, मृतकों के टूटे हुए मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल, शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल टेम्पू और दोनों गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में रौशन मिंज और सूरज बेहरा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य दो आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















