सिमडेगा पुलिस की बड़ी कामयाबी: समसेरा चर्च डकैती कांड का उद्भेदन, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
सिमडेगा पुलिस की बड़ी कामयाबी: समसेरा चर्च डकैती कांड का उद्भेदन, तीन अभियुक्त गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : नरेश
सिमडेगा, 16 जून : सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र अंतर्गत समसेरा चर्च में हुई डकैती की घटना का सिमडेगा पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज कांड में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य 5-6 अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
डीएसपी हेड क्वार्टर रणवीर सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचनाओं के आधार पर इस मामले का खुलासा किया। जांच में पता चला कि इस डकैती में झारखंड और उड़ीसा के अपराधियों का एक अंतरराज्यीय गिरोह शामिल था। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदिल केरकेट्टा, रिंकु सोनी उर्फ मूशा, और सुभाष नाईक उर्फ रामबोला नाईक के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 21,500 रुपये नकद, एक टीवीएस रेडान मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर OD-15Y-2487), काला मास्क, दो जोड़ी काले दस्ताने, एक काली टोपी, लोहे की छड़, और एक सब्बल बरामद किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह दोनों राज्यों में चर्चों को निशाना बनाकर मारपीट और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था।
सिमडेगा पुलिस और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से इस कांड का उद्भेदन संभव हो सका। उड़ीसा में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों को उड़ीसा जेल भेज दिया गया है। डीएसपी रणवीर सिंह ने बताया कि सिमडेगा पुलिस जल्द ही अभियुक्तों को रिमांड पर लेगी और अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

















