20260128 162852

सिमडेगा में पूर्व सैनिकों के लिए जागरूकता शिविर: वीर परिवार सहायता योजना और निःशुल्क विधिक सेवाओं की मिली विस्तृत जानकारी

शंभू कुमार सिंह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के तत्वावधान में बुधवार को पूर्व सैनिक संघ के कार्यालय में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित वीर परिवार सहायता योजना के बारे में विस्तार से अवगत कराना था।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल ने उपस्थित लोगों को योजना के उद्देश्यों, पात्रता शर्तों, मिलने वाले लाभों तथा आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना सैनिकों, शहीद सैनिकों तथा पूर्व सैनिकों के परिवारों को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान करती है। योजना के तहत निःशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श और समर्थन उपलब्ध कराया जाता है, ताकि सैनिक परिवार बिना किसी चिंता के देश सेवा में लगे रह सकें।

असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को कानूनी परामर्श, मुकदमों में सहायता, दस्तावेज तैयार कराने तथा अन्य विधिक सहयोग पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने अपील की कि किसी भी कानूनी समस्या के मामले में तुरंत जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क किया जाए।

शिविर के दौरान एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई कि पूर्व सैनिक विष्णु महतो को पैरा-लीगल वॉलंटियर (PLV) के रूप में बहाल किया गया है, ताकि वे विधिक सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकें और दूसरों को भी सहयोग प्रदान कर सकें।

शिविर में सैनिकों एवं उनके परिजनों ने योजना तथा विधिक सेवाओं से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं को रखा, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। इस अवसर पर PLV अजीत केरकेट्टा, सुरजीत प्रसाद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share via
Share via