अजित पवार के निधन पर BJP झारखंड महामंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने जताया गहरा शोक: कहा – भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति
रांची/बारामती : भारतीय जनता पार्टी (BJP) झारखंड के महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं एनसीपी के वरिष्ठ नेता श्री अजित पवार के बारामती में हुए दुखद विमान हादसे में निधन की खबर पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
डॉ. वर्मा ने कहा, “अजित पवार जी का असामयिक निधन भारतीय राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका सार्वजनिक जीवन, प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे में अन्य साथियों और क्रू मेंबर्स की भी जान चली गई, जो बेहद पीड़ादायक है।”
डॉ. वर्मा ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य व संबल प्रदान करें। उन्होंने कहा, “इस दुःख की घड़ी में पूरा देश शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है।”
यह हादसा बुधवार सुबह मुंबई से बारामती जाते समय लैंडिंग के दौरान हुआ, जिसमें अजित पवार सहित विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। घटना से राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।


















