20250607 214219

शिमला में सोनिया गांधी की अचानक तबीयत बिगड़ी, IGMC अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की शनिवार को अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके चलते उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में भर्ती कराया गया। 78 वर्षीय सोनिया गांधी कुछ दिनों के विश्राम के लिए शिमला पहुंची थीं और अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के छराबड़ा स्थित आवास पर ठहरी हुई थीं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सूत्रों के अनुसार, शनिवार को उनकी तबीयत में अचानक गिरावट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत IGMC शिमला ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी प्रारंभिक जांच की, जिसमें ईसीजी और एमआरआई जैसे टेस्ट शामिल थे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने बताया, “सोनिया गांधी को कुछ मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण नियमित जांच के लिए अस्पताल लाया गया। उनकी हालत स्थिर है, और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।”

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी 2 जून को शिमला पहुंची थीं और छराबड़ा में अपने फार्महाउस पर आराम कर रही थीं। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपना दो दिवसीय ऊना दौरा रद्द कर दिया और शिमला के लिए रवाना हो गए। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री भी अस्पताल पहुंचे और उनकी स्थिति का जायजा लिया।

सोनिया गांधी लंबे समय से सांस संबंधी समस्याओं और पोस्ट-कोविड जटिलताओं से जूझ रही हैं। इससे पहले, 2022 में उन्हें सांस लेने में तकलीफ और वायरल बुखार के कारण दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस साल फरवरी में भी पेट से जुड़ी समस्या के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।

फिलहाल, IGMC में डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है। अस्पताल प्रशासन ने अभी तक कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Share via
Share via