Students hold marathon in Ranchi to protest paper leak; thousands of youths join the 'Chhatron ki Goonj' (Voice of Students) campaign.

पेपर लीक के विरोध में रांची में छात्रों की मैराथन, ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में हजारों युवा शामिल

Share
Link copied
Students hold marathon in Ranchi to protest paper leak; thousands of youths join the 'Chhatron ki Goonj' (Voice of Students) campaign.
Students hold marathon in Ranchi to protest paper leak; thousands of youths join the ‘Chhatron ki Goonj’ (Voice of Students) campaign.

रांची : देशभर में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर रविवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत विशाल मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और युवाओं के अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है और “छात्रों की गूंज” उसी का हिस्सा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों को न्याय दिलाने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की लड़ाई जारी रहेगी।

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान चीब ने कहा कि देश का युवा केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि निष्पक्ष और ईमानदार परीक्षा प्रणाली भी चाहता है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का आह्वान किया।

RKDF
Adv

अभियान के संयोजक कुमार राजा ने कहा कि यह मैराथन केवल दौड़ नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए जनआंदोलन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब तक पेपर लीक की घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।

अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव एवं झारखंड के सह प्रभारी भूपेंद्र मराबी ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा देश की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठते रहे तो यह देश के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और पेपर लीक के मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

मैराथन में सांसद सुखदेव भगत, झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा समेत कई जनप्रतिनिधि और कांग्रेस नेताओं ने भाग लेकर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया।

मैराथन के दौरान छात्रों ने शिक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों से जुड़े नारे लगाए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और युवाओं के भविष्य की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।