NEET पेपर लीक मामले पर रांची में भाजपा कार्यालय का घेराव, NSUI और भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

रांची : देशभर में चर्चा का विषय बने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रदर्शन के दौरान NSUI नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक से देशभर के लाखों छात्र मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एजेंसियों द्वारा की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
NSUI नेताओं ने कहा कि बार-बार होने वाली परीक्षा अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा टूट रहा है और कई छात्र मानसिक दबाव में आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों के हित में ठोस और पारदर्शी कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक ने कांग्रेस और झामुमो पर पलटवार करते हुए कहा कि झारखंड में नौकरी बेचने का काम किसने किया, यह पहले विपक्ष को बताना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के कार्यकाल में युवाओं के रोजगार और नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।
अशोक बड़ाईक ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने NEET मामले में सख्त जांच के आदेश दिए हैं और जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठ जाएगा।
















