Tantric's murder case in Ranchi solved within 24 hours; three accused arrested, angered by the 'rain of wealth' ruse.

रांची में तांत्रिक के हत्या कांड का 24 घंटे में खुलासा, ‘धन वर्षा’ के झांसे से नाराज तीन आरोपी गिरफ्तार

Tantric's murder case in Ranchi solved within 24 hours; three accused arrested, angered by the 'rain of wealth' ruse.
Tantric’s murder case in Ranchi solved within 24 hours; three accused arrested, angered by the ‘rain of wealth’ ruse.

रांची : सदर थाना क्षेत्र के सिमोन नगर खोरहा टोली में हुए चर्चित रमेश ठाकुर हत्याकांड का रांची पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, कारतूस, खून लगा पिलाश, मृतक के आभूषण, खून से सने कपड़े, मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 जुलाई की रात रमेश ठाकुर की उनके घर में हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र आकाश ठाकुर के आवेदन पर सदर थाना में कांड संख्या 343/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

RKDF
Adv

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रमेश ठाकुर स्वयं को ओझा-गुनी (तांत्रिक) बताते थे और लोगों को कथित रूप से “धन वर्षा” एवं “परी से मुलाकात” का प्रलोभन देते थे। इसी दौरान उनकी पहचान अमित चौधरी, सचिन कुमार गुप्ता और निरंजन स्वासी उर्फ नीरज से हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का कहना है कि लंबे समय तक कथित तांत्रिक प्रक्रिया के बावजूद उन्हें कोई लाभ नहीं मिला, जिससे वे नाराज हो गए।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना वाले दिन तीनों आरोपी हथियार लेकर रमेश ठाकुर के घर पहुंचे। वहां विवाद के दौरान पहले मृतक पर फायरिंग की गई, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने पास में रखे पिलाश से हमला कर उनकी हत्या कर दी और मौके से आभूषण लेकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डोरंडा निवासी अमित चौधरी, अड़की निवासी निरंजन स्वासी उर्फ नीरज और लोअर बाजार निवासी सचिन कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, खून लगा पिलाश, मृतक के आभूषण, खून से सने कपड़े, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (JH01CD-9858) और तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।