गिरिडीह के लापता युवक नीरज हाजरा का शव बिहार के जंगल से बरामद, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम की

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भीखोडीह गांव निवासी नीरज हाजरा, जो बीते 4 जुलाई से लापता थे, उनका शव बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा जंगल से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग जमुआ–पचंबा मुख्य मार्ग पर चितरडीह पहाड़ी के समीप एकत्र हुए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नीरज हाजरा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
















