मतदाता सूची से जुड़ने के लिए जनजातीय समुदाय को किया गया प्रेरित, सीईओ ने खूंटी में की बैठक

खूंटी: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने मंगलवार को खूंटी जिले के तोरपा, खूंटी और तमाड़ क्षेत्र के जनजातीय समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर अपने बीएलओ को जमा करने के लिए प्रेरित किया। यह पहल उन सूचनाओं के बाद की गई, जिनमें कुछ लोगों द्वारा फॉर्म भरने से इनकार किए जाने की बात सामने आई थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की पहली एवं सबसे महत्वपूर्ण शर्त है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे समय पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।

उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ को निर्देश दिया कि वृद्ध, बीमार, दिव्यांग, आदिम जनजाति, पीवीटीजी एवं अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
के. रवि कुमार ने बताया कि समय पर इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने पर संबंधित नागरिकों का नाम 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची के प्रारूप में शामिल किया जा सकेगा। उन्होंने राजनीतिक दलों, चुनाव कर्मियों, स्वयंसेवकों और अन्य स्टेकहोल्डर्स से भी लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जागरूक करने की अपील की।
खूंटी दौरे के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी मो. जावेद हुसैन, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, एईआरओ एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
















