पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी: ISI के लिए जासूसी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के लिए जासूसी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने रविवार को एक खुफिया ऑपरेशन के तहत गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी फौजी और साहिल मसीह उर्फ शाली को धर दबोचा। दोनों पर ISI के लिए संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गुरप्रीत सिंह ISI के हैंडलर राना जावेद के सीधे संपर्क में था और पेन ड्राइव के जरिए गोपनीय जानकारी ट्रांसफर कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ISI के साथ संवाद के लिए इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। डीजीपी यादव ने कहा, “यह ऑपरेशन ISI के जासूसी-आतंक नेटवर्क को ध्वस्त करने और सभी सहयोगियों की पहचान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
यह गिरफ्तारी पंजाब में इस तरह के मामलों में 12वीं कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने मलेरकोटला, गुरदासपुर और अन्य क्षेत्रों से कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, जो ISI के लिए काम कर रहे थे। यह कार्रवाइयां 22 अप्रेल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में तेज हुई हैं।
जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है। मामला संवेदनशील होने के कारण इसे ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।


















