गोड्डा में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत
गोड्डा : गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बंका गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय विशाल कुमार और 10 वर्षीय नित्यम कुमार के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे स्कूल से लौटने के बाद घर के पास खेलने के लिए निकले थे। शाम तक जब वे वापस नहीं आए, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को आखिरी बार गांव के तालाब के पास देखा गया था। इसके बाद ग्रामीण तुरंत तालाब की ओर पहुंचे। वहां एक बच्चा पानी में तैरता हुआ मिला। तलाशी के दौरान दूसरा बच्चा भी तालाब में डूबा हुआ पाया गया।
दोनों बच्चों को तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चे दिनेश कुमार पंडित के पुत्र थे, जो गांव-गांव जाकर ठेले पर झालमुड़ी और चाट बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद साहा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तालाब में डूबने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

















