जमशेदपुर: ससुराल में प्रवेश के लिए महिला और बेटी 24 घंटे से धरने पर, पति फरार

जमशेदपुर: ससुराल में प्रवेश के लिए महिला और बेटी 24 घंटे से धरने पर, पति फरार

Share
Link copied

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और दुखद मामला सामने आया है, जहां कोमल सिंह नामक एक महिला अपनी जवान बेटी के साथ पिछले 24 घंटे से अपने ही ससुराल के बाहर भूखे-प्यासे धरने पर बैठी है। महिला का आरोप है कि उसका पति बलदेव सिंह बेटे को लेकर घर पर ताला लगाकर फरार हो गया है और उसे घर में प्रवेश करने से रोका जा रहा है।

कोमल सिंह ने बताया कि उनकी शादी दिसंबर 2010 में सोनारी, मनबोध बस्ती, बी ब्लॉक, क्वार्टर नंबर सी/842 निवासी बलदेव सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल में एक बाबा, जो टाटा स्टील का कर्मी था, अक्सर उसके पति के निजी अंगों को छूता था। कोमल के विरोध करने पर पति मारपीट करने लगा। इस दौरान उन्हें एक बेटा हुआ, लेकिन बाबा ने बेटे के साथ भी अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। मुखर विरोध पर पति की हिंसा बढ़ गई, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा और तलाक की नौबत आ गई। हालांकि, पति ने माफी मांग ली।

इसके बाद कोमल को एक बेटी हुई, लेकिन बाबा अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह ओझा, गुनी और तांत्रिक बनकर घर में पूजा-पाठ के नाम पर डेरा जमाए रहा। कोमल का आरोप है कि बाबा के चक्कर में पति ने उसका खाना-पीना और बच्चों की पढ़ाई तक बंद कर दी। तंग आकर वह अपनी बेटी के साथ छत्तीसगढ़ अपने मायके चली गई। धीरे-धीरे पति से बातचीत भी बंद हो गई।

अब जब कोमल अपनी बेटी के साथ ससुराल लौटी, तो पति ने बेटे को लेकर घर पर ताला लगा दिया और फरार हो गया। फोन करने पर वह जवाब नहीं देता। कोमल के बहनोई और भांजे ने भी कहा कि मामा ने उन्हें घर में प्रवेश करने से मना किया है। कोमल ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन उन्हें इंसाफ नहीं मिला।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow