जमशेदपुर हिमांशु हत्याकांड: अंतिम फरार आरोपी राघवेंद्र ने किया सरेंडर, पुलिस जल्द करेगी पूरे मामले का खुलासा
जमशेदपुर हिमांशु हत्याकांड में अंतिम फरार आरोपी राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार या सरेंडर कराया, जल्द हो सकता है पूरे मामले का खुलासा।

नीरज तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर: शहर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के अंतिम फरार आरोपी राघवेंद्र ने मंगलवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके साथ ही इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में नामजद सभी प्रमुख आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं या फिर आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल, राहुल दुबे और राघवेंद्र ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। इन सभी आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्या की साजिश और वारदात की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है।
जांच अंतिम चरण में, जल्द होगा बड़ा खुलासा
सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। पुलिस जल्द ही इस बहुचर्चित हत्याकांड का आधिकारिक खुलासा कर सकती है। जांच में हत्या के पीछे की वजह, साजिश में शामिल लोगों की भूमिका और वारदात को अंजाम देने की पूरी योजना से पर्दा उठने की संभावना है। पुलिस जल्द ही अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर सकती है।
7 जून को दिनदहाड़े हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 7 जून को बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हमलावरों ने उसे पुलिस वाहन से उतारने के बाद धारदार चापड़ से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे जमशेदपुर को झकझोर दिया था और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल भी खड़े हुए थे।
शहरवासियों की नजर पुलिस की प्रेस वार्ता पर
अंतिम आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद अब सभी की निगाहें पुलिस की प्रस्तावित प्रेस वार्ता पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि पुलिस इस दौरान हत्या की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और जांच में सामने आए अहम तथ्यों का खुलासा करेगी।














