धनबाद में सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के जवान की मौत, तीन पुलिसकर्मी घायल

हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चलकुसा थाना की पुलिस टीम धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर सरकारी वाहन से लौट रही थी। इसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 4 बजे धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जोड़ा पीपल के पास जीटी रोड पर पुलिस का वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि सरकारी वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दर्दनाक दुर्घटना में पुलिस जवान राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल जवान नरेश कुमार, ग्रीन पासवान और गौरव कुमार को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाहन से बाहर निकालकर बरामुड़ी स्थित अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार पुलिस वाहन तेज रफ्तार में था, जिसके कारण चालक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को समय रहते नहीं देख सका और वाहन सीधे उससे जा टकराया। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ट्रेलर किन परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़ा था, उसके पीछे आवश्यक चेतावनी संकेत लगाए गए थे या नहीं तथा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
जवान राम लखन यादव की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक मेहनती, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ जवान बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से परिवार और पुलिस महकमे को गहरा आघात पहुंचा है।

















