झारखंड के राज्यपाल से अमेरिकी महावाणिज्य दूत ने की शिष्टाचार भेंट
रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से आज अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता की महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई।
राज्यपाल ने कैथी जाइल्स-डियाज़ को झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य और खनिज संपदा से समृद्ध है। साथ ही, राज्य में विश्वप्रसिद्ध धार्मिक स्थल जैसे बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर), बासुकीनाथ मंदिर (दुमका), ईटखोरी, रजरप्पा, देउड़ी और पारसनाथ जैसे आस्था के केंद्र हैं, जो आध्यात्मिक समृद्धि के प्रतीक हैं।
राज्यपाल ने पवित्र श्रावणी माह का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु कांवर यात्रा के लिए देवघर और दुमका पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ धाम एवं बासुकीनाथ मंदिर में जलार्पण करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वर्षभर देश-विदेश से श्रद्धालु इन स्थलों पर दर्शन के लिए आते हैं। इसके अलावा, झारखंड के जलप्रपात और प्राकृतिक स्थल पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं।


















