गोकर्ण समुद्र तट पर हादसा, जमशेदपुर की 22 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर समेत दो की मौत, एक लापता

कर्नाटक के गोकर्ण समुद्र तट पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में जमशेदपुर की 22 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शोभा दास और उनके टीम लीडर मोहम्मद अकरम की मौत हो गई। दोनों समुद्र में नहाने के दौरान तेज लहरों और पानी के खतरनाक बहाव की चपेट में आ गए थे। हादसे में दल का एक अन्य सदस्य विश्वा एके लापता है, जिसकी तलाश जारी है। इस घटना से जमशेदपुर स्थित शोभा के परिवार में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु के बेलंदूर स्थित अलोरिका इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत 16 सहकर्मी सप्ताहांत बिताने गोकर्ण पहुंचे थे। कंपनी से बोनस और इंसेंटिव मिलने की खुशी में सभी ने घूमने का कार्यक्रम बनाया था। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे शोभा समेत पांच सहकर्मी समुद्र में नहाने उतरे। इसी दौरान अचानक तेज लहरें उठीं और समुद्र के तेज अंतर्धारा प्रवाह में पांचों फंस गए। देखते ही देखते वे गहरे पानी की ओर बहने लगे।
समुद्र में लोगों को डूबता देख तट पर मौजूद अन्य सहकर्मियों ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय मछुआरे और लाइफगार्ड बचाव के लिए पहुंचे। रस्सियों और लाइफबॉय की मदद से चार लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें शोभा दास, मोहम्मद अकरम, निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम शामिल थे। पांचवां सदस्य विश्वा तेज बहाव में लापता हो गया।

रेस्क्यू के बाद शोभा और अकरम को गोकर्ण के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शोभा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में अकरम को बेहतर इलाज के लिए मणिपाल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बचाए गए निशांत और कासिम का इलाज चल रहा है।
उत्तर कन्नड़ के एसपी दीपन एमएन के अनुसार, लापता विश्वा एके की तलाश में तटीय सुरक्षा पुलिस, स्थानीय तैराकों और दमकल विभाग की टीमें लगाई गई हैं। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए कारवार मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं। पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है।
इधर, शोभा की मौत की खबर जमशेदपुर स्थित उनके परिजनों को दे दी गई है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य कर्नाटक के लिए रवाना हो गए हैं। जवान बेटी की असमय मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आंध्र तट से टकराया चक्रवात मुरासु, 120 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मंगलवार तड़के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर ओंगोल के पास गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु ने…

झारखंड में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे, कई जिलों में हल्की बारिश-मेघगर्जन की संभावना; रांची का तापमान 20-27 डिग्री के बीच रहेगा
रांची: भारतीय मौसम विभाग (IMD) और मौजूदा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार (3 नवंबर 2026) को झारखंड में मौसम का मिजाज मिश्रित रहने…

















