सीरमटोली फ्लाईओवर पर खतरनाक बाइक स्टंट, पुलिस ने बाइक जब्त की, आरोपी फरार
झारखंड की राजधानी रांची में नवनिर्मित मेकॉन-सीरमटोली कार्तिक उरांव फ्लाईओवर उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद स्टंटबाजों का अड्डा बन गया है। शनिवार देर रात एक युवक द्वारा फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार से खतरनाक बाइक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवक को खतरनाक तरीके से बाइक चलाते और स्टंट करते देखा जा सकता है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से स्टंट में इस्तेमाल की गई बाइक को जब्त कर लिया है। हालांकि, स्टंट करने वाला युवक फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।
झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “जीवन अनमोल है या जलवा? यह युवाओं को तय करना होगा। सिरमटोली फ्लाईओवर पर स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया है कि स्टंटबाजों की पहचान कर उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दें और कड़ी कार्रवाई करें।”

















