नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान आज पहुंचेंगे रांची, कल राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दिलाएंगे शपथ
रांची: झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान आज, 22 जुलाई को रांची पहुंचेंगे। सूत्रों के अनुसार, 23 जुलाई को राजभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। यह समारोह सुबह 10 बजे निर्धारित है।
न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान इससे पहले हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में हाल ही में की गई है। शपथ ग्रहण समारोह को विशेष बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से उनके करीबी, और न्यायिक हस्तियां रांची पहुंचेंगी। झारखंड सरकार ने सभी अतिथियों को स्टेट गेस्ट घोषित किया है।
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो, कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, और गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। यह आयोजन झारखंड के न्यायिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण होगा, क्योंकि न्यायमूर्ति चौहान हाईकोर्ट के 17वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

















