चंबा में दर्दनाक हादसा: चलती कार पर गिरी चट्टान, 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

चंबा में दर्दनाक हादसा: चलती कार पर गिरी चट्टान, 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

Share
Link copied

चंबा, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल के चनवास क्षेत्र में गुरुवार (7 अगस्त 2025) रात करीब 9:20 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक स्विफ्ट कार (नंबर HP44-4246) पर पहाड़ी से भारी चट्टान गिरने के कारण कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के पांच सदस्य और एक अन्य व्यक्ति शामिल थे।

मृतकों की पहचान राजेश कुमार (एक सरकारी स्कूल शिक्षक), उनकी पत्नी हंसो (36), उनकी बेटी आरती (17), बेटा दीपक (15), राजेश के साले हेमराज, और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई, जो परिवार ने लिफ्ट दी थी। यह परिवार बनीखेत से अपने गांव श्रीगर की ओर जा रहा था और अपने घर से मात्र एक किलोमीटर दूर था जब यह हादसा हुआ।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पहाड़ी से अचानक भूस्खलन के कारण चट्टानें गिरीं, जिसके प्रभाव से कार खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लगभग छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को खाई से निकाला गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए तीसा सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “चंबा जिले के तीसा के चनवास में कार हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मैं शोकग्रस्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।” पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस हादसे पर शोक जताया।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow