तेज प्रताप यादव का सनसनीखेज खुलासा: “पांच परिवारों ने मिलकर मेरा राजनीतिक करियर खत्म करने की कोशिश की”
पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व नेता और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच परिवारों ने मिलकर उनके राजनीतिक करियर को खत्म करने की साजिश रची। तेज प्रताप ने अपने X पोस्ट में लिखा, “मेरे राजनीतिक जीवन को पांच परिवार के लोगों ने मिलकर और बृहद रूप से षड्यंत्र कर समाप्त करने की कोशिश की। मैंने अपने दस वर्षों से अधिक राजनीतिक जीवन में किसी के प्रति कभी गलत नहीं किया, कभी भी किसी के प्रति कोई षड्यंत्र नहीं किया।”
तेज प्रताप ने यह भी संकेत दिया कि वे कल इस साजिश के बारे में विस्तृत खुलासा करेंगे। उनके इस बयान ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है, खासकर तब जब राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं।
तेज प्रताप यादव उस समय सुर्खियों में आए जब उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अनुष्का यादव के साथ 12 साल पुराने रिश्ते का खुलासा किया था। इस पोस्ट के बाद लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी और परिवार दोनों से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। लालू ने अपने फैसले का कारण तेज प्रताप के “गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार” और “पारिवारिक मूल्यों की अवहेलना” को बताया था।l
तेज प्रताप ने बाद में दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हुआ था और तस्वीरें बदनाम करने के लिए पोस्ट की गई थीं। हालांकि, इस सफाई के बावजूद, उनके पिता और RJD नेतृत्व ने सख्त कार्रवाई की। इसके बाद तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट में अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव पर उनकी तस्वीरें वायरल कर साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा, “आकाश यादव और कुछ जयचंदों के द्वारा हमारी फोटो को वायरल कर देना, हमारी राजनीति को खत्म करने की साजिश है। लेकिन इन जयचंदों को अभी पता नहीं कि हमारा नाम तेज प्रताप यादव है।”
तेज प्रताप ने हाल ही में विकास वंचित इंसान पार्टी (VVIP) के साथ गठबंधन का ऐलान किया है, जो बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी एकजुटता ही हमारी ताकत है। कई लोग सोच रहे होंगे कि इस लड़ाई में हम बर्बाद हो जाएंगे, लेकिन हम और मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे।”



















