पटना में आयोजित क्षेत्रीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में झारखंड को चौथा स्थान, प्रतिभागियों ने परियोजना निदेशक से की मुलाकात

रांची : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) द्वारा 22 सितंबर 2025 को पटना के बापू टावर संग्रहालय में आयोजित क्षेत्रीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2025 में झारखंड राज्य ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, दमन द्वीप, गुजरात समेत कुल 10 राज्यों ने हिस्सा लिया। तेलंगाना ने प्रथम, छत्तीसगढ़ ने द्वितीय, और ओडिशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। झारखंड के लिए यह पहला अवसर था जब उसे क्षेत्रीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार मिला।

झारखंड का प्रतिनिधित्व सिमडेगा जिले के सीएम एक्सीलेंस स्कूल के कक्षा 11 की छात्रा सौम्या स्तुति बाड़ा और छात्र श्वेत कुमार भारती ने किया। 18 सितंबर 2025 को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर इनका चयन हुआ था। प्रतियोगिता के बाद 23 सितंबर 2025 को पटना से लौटने के बाद दोनों प्रतिभागियों ने झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति (JSACS) की परियोजना निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा से शिष्टाचार मुलाकात की।

प्रतिभागियों ने परियोजना निदेशक को बताया कि वे पहली बार सिमडेगा और रांची से बाहर किसी अन्य शहर गए थे। उनके लिए पटना में अन्य राज्यों के प्रतिभागियों के साथ क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेना एक यादगार अनुभव रहा। इस अवसर पर डॉ. नेहा अरोड़ा ने कहा, “इनसिफाइड IEC कैंपेन के माध्यम से राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को सरकार के स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी देना और उन्हें जागरूक बनाकर एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।”

डॉ. अरोड़ा ने आगे कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रामीण परिवेश के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति का लक्ष्य इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाना और समाज में जागरूकता फैलाना है।


















