मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया दुर्गा पूजा पंडाल का अनावरण, दी शुभकामनाएं

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रांची के आर०आर० स्पोर्टिंग क्लब, रातु रोड और पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति, हरमू में स्थापित दुर्गा पूजा पंडाल का विधिवत् अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की कामना की।

मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है। रिमझिम बारिश के बीच मां दुर्गा के भक्तजन पूरे उमंग और उत्साह के साथ दशहरे का यह पावन पर्व मना रहे हैं। मैं समस्त झारखंडवासियों और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और झारखंड प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़े।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी के जीवन में मां दुर्गा के आशीर्वाद की कामना की और राज्य की उन्नति के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


















