ITI छात्र निकला प्रोफेशनल चोर; ट्रेनों में सफर कर उड़ाता था मोबाइल और लैपटॉप, 20 फोन समेत गिरफ्तार
दुमका : देखने में साधारण ITI छात्र, लेकिन हकीकत में ट्रेनों और शहरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला शातिर चोर! झारखंड के दुमका पुलिस ने शनिवार रात एक ऐसे अपराधी को धर दबोचा, जो मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने में माहिर था। आरोपी की पहचान बिहार के बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के लबोरदार गांव निवासी विबक कुमार साह के रूप में हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित एक लॉज से उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कमरे से करीब 4 लाख रुपए कीमत के 20 महंगे स्मार्टफोन, चार्जर और एक लैपटॉप बरामद किए गए। हैरानी की बात यह कि आरोपी खुद जिस मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था, वह भी चोरी का निकला।
पुलिस जांच में पता चला कि विबक कुमार साह ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों के मोबाइल और लैपटॉप पर हाथ साफ करता था। वह छात्र बनकर लोगों का भरोसा जीतता और मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाता। शहरों में भी वह इसी तरकीब से वारदातों को अंजाम देता था।
दुमका पुलिस को चोरी की बढ़ती शिकायतों के बाद आरोपी पर नजर रखी जा रही थी। शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की गई, जिसके बाद वह जाल में फंस गया। बरामद सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और पहले की चोरी की वारदातों का पता लगाया जा सके।

















