राज्यपाल से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की नवगठित टीम ने की शिष्टाचार भेंट
रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से आज राज भवन में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नवगठित टीम के शिष्टमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान शिष्टमंडल ने राज्यपाल के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार सृजन, स्टार्ट-अप सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि वे राज्यहित और जनकल्याणकारी कार्यों में सदैव सहयोग के लिए तत्पर हैं तथा झारखंड के समग्र विकास के लिए सभी हितधारकों के सक्रिय योगदान की अपेक्षा करते हैं।
शिष्टमंडल ने इस अवसर पर चाईबासा सदर अस्पताल में पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने की गंभीर घटना का भी जिक्र किया और इस संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल ने शिष्टमंडल के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और राज्य के औद्योगिक एवं सामाजिक विकास में चैंबर की भूमिका की सराहना की।

















