ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने घाटशिला में भरी हुंकार, कहा-घाटशिला की जनता परिवर्तन के लिए तैयार
घाटशिला : उपचुनाव के मद्देनजर घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने अपनी ताकत झोंक दी है। भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने मंगलवार को घाटशिला ब्लॉक के बलियापोश फुटबॉल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
सभा में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। भारी संख्या में लोगों की भीड़ मैदान में उमड़ी और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने अपने संबोधन में कहा कि पूरा देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के साथ है। बिहार में जनता एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाने का मन बना चुकी है और घाटशिला की जनता ने भी यह तय कर लिया है कि इस सीट को एनडीए की झोली में डाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि यहां की जनता का जोश और उत्साह देखकर स्पष्ट है कि घाटशिला में परिवर्तन होने वाला है। सभा में उपस्थित सभी नेताओं ने जनता से भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

















